|

हिमाचल में बर्फबारी से शीतलहर तेज, चार फरवरी से खुलेगा मौसम

Himgiri Samachar:

शिमला, 02 फ़रवरी। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से हुई बर्फबारी और बारिश ने पूरे राज्य में ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने से शीतलहर तेज हो गई है, जबकि कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया। मौसम विभाग के मुताबिक आज और कल (2 व 3 फरवरी) भी कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार बने रहेंगे, लेकिन 4 फरवरी से 7 फरवरी तक पूरे राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है।

 

ताजा आंकड़ों के अनुसार लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कुकुमसेरी में तापमान माइनस 6.6 डिग्री, कल्पा में माइनस 3.8 डिग्री और मनाली में माइनस 0.4 डिग्री दर्ज किया गया। इन इलाकों में रात के समय जबरदस्त ठंड महसूस की गई।

 

मनाली और मंडी में शीतलहर का खासा असर रहा। मनाली में शीत दिवस की स्थिति बनी रही, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। मंडी में भी ठंडी हवाओं और कम तापमान के चलते लोग दिनभर गर्म कपड़ों में नजर आए।

 

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई। कुल्लू जिला के कोठी में करीब 15 सेंटीमीटर, कल्पा में 13.6 सेंटीमीटर, सांगला में 10.5 सेंटीमीटर, जोत में 6.5 सेंटीमीटर, केलोंग में 3 सेंटीमीटर और मनाली में 2.5 सेंटीमीटर बर्फ गिरी। इसके अलावा कुफरी क्षेत्र में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। बर्फ गिरने से पहाड़ी इलाकों में तापमान और गिर गया।

 

बारिश की बात करें तो मंडी जिला के गोहर में 20 मिलीमीटर, सराहन में 18.5 मिलीमीटर, सुजानपुर टिहरा में 18.4 मिलीमीटर, धर्मशाला में 16.3 मिलीमीटर, जोगिंदरनगर में 13 मिलीमीटर, भुंतर और सुंदरनगर में 11.6-11.6 मिलीमीटर व पंडोह में 11.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

 

मौसम के साथ-साथ कोहरे ने भी परेशानी बढ़ाई। बिलासपुर में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर तक रह गई। मंडी में मध्यम स्तर का कोहरा दर्ज किया गया, जिससे सुबह के समय वाहन चालकों को दिक्कतें आईं।

 

बीती रात शिमला, कांगड़ा, भुंतर, जोत, मुरारी देवी और सुंदरनगर में गरज के साथ बादल छाए और कुछ स्थानों पर गर्जना की घटनाएं दर्ज की गईं। हालांकि तेज हवाओं की कोई खास सूचना नहीं है।

 

इस बीच राहत की खबर यह है कि कल हुई बर्फबारी के बाद अपर शिमला को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों और शिमला-रामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को बहाल कर लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक आज इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है।

 

मौसम विभाग के अनुसार आज और कल राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 4 फरवरी से 7 फरवरी तक पूरे हिमाचल में मौसम साफ रहने का अनुमान है। आज राज्य के अधिकांश इलाकों में बादल छाए हैं, जबकि कुछ जगहों पर धूप भी निकली, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली।

 

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment