|

शिमला में नशा तस्करों पर शिकंजा, एक साल में 51 आदतन आरोपी जेल पहुंचे

Himgiri Samachar:
शिमला, 10 नवंबर। नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने निवारक कार्रवाई तेज कर दी है। बार-बार नशे के कारोबार में पकड़े जा रहे लोगों को दोबारा इस धंधे में सक्रिय होने से रोकने के लिए पुलिस अब गिरफ्तारी के साथ उनकी निरुद्धता की कार्रवाई भी कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने हाल ही में आठ आदतन नशा तस्करों को तीन महीने के लिए जेल में निरुद्ध किया है। इसके साथ ही वर्ष 2026 में अब तक इस कार्रवाई के तहत निरुद्ध किए गए लोगों की संख्या 51 पहुंच गई है।

एससपी शिमला गौरव सिंह ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 


उन्होंने बताया कि सक्षम प्राधिकारी हिमाचल प्रदेश की ओर से जारी आदेशों के बाद इन आठ लोगों को PIT-NDPS अधिनियम, 1988 के तहत निरुद्ध किया गया है। इनमें अमित लूथरा और सुनील कुमार के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो-दो मामले दर्ज हैं। अत्तर सिंह के खिलाफ चार, महेश ठाकुर के खिलाफ दो, रुब्बल जडाइक के खिलाफ चार, गोपी चंद के खिलाफ दो, राजू चौहान के खिलाफ चार और मोहित वर्मा के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। अमित लूथरा पंजाब के होशियारपुर का निवासी है और वर्तमान में शिमला में रह रहा था। अन्य सभी आरोपी शिमला जिले की अलग-अलग तहसीलों के निवासी हैं।


चार आरोपियों पर चार-चार मामले दर्ज


एसएसपी के मुताबिक अमित लूथरा और सुनील कुमार को 4 नवंबर 2026 को निरुद्ध किया गया था। इसके अगले दिन यानी 5 नवंबर को अत्तर सिंह, महेश ठाकुर, रुब्बल जडाइक, गोपी चंद, राजू चौहान और मोहित वर्मा को निरुद्ध करने के आदेश लागू किए गए। इनमें अत्तर सिंह, रुब्बल जडाइक और राजू चौहान के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत चार-चार मामले दर्ज हैं। सभी आठ लोगों को तीन महीने की अवधि के लिए निरुद्ध किया गया है। आदेशों के अनुसार इन्हें मॉडल सेंट्रल जेल, कंडा में रखा गया है।


2025 में तीन, उससे पहले कोई कार्रवाई नहीं


शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार PIT-NDPS अधिनियम के तहत वर्ष 2026 में अब तक 51 लोगों को निरुद्ध किया जा चुका है। इसकी तुलना में वर्ष 2025 में इस अधिनियम के तहत केवल तीन लोगों को निरुद्ध किया गया था। वहीं, वर्ष 2024 और 2023 में इस कानून के तहत एक भी व्यक्ति को निरुद्ध नहीं किया गया था। पुलिस इसे नशा तस्करी के खिलाफ अपनी निवारक कार्रवाई में बड़ी प्रगति मान रही है।


एससपी गौरव सिंह ने बताया कि PIT-NDPS अधिनियम, 1988 का उद्देश्य नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले लोगों को निवारक रूप से निरुद्ध करना है। इसके तहत सक्षम प्राधिकारी के आदेश पर संबंधित व्यक्ति को निर्धारित अवधि के लिए हिरासत में रखा जा सकता है। शिमला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी के साथ कानून के तहत ऐसी निवारक कार्रवाई भी जारी रहेगी। पुलिस का लक्ष्य नशे के अवैध कारोबार को रोकना और युवाओं को इसकी चपेट में आने से बचाना है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment