|

विधायक नंदलाल के निधन से कांग्रेस में शोक, राजीव भवन में नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Himgiri Samachar:

शिमला, 03 नवंबर। रामपुर बुशहर से चार बार कांग्रेस विधायक रहे और सातवें हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल के निधन से प्रदेश कांग्रेस में शोक की लहर है। मंगलवार को शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी नेताओं, मंत्रियों और कार्यकर्ताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान नेताओं ने उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पित और कांग्रेस का निष्ठावान नेता बताते हुए उनके निधन को पार्टी और रामपुर क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया।

 

राजीव भवन में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद नंदलाल का पार्थिव शरीर उनके गृह क्षेत्र रामपुर के लिए रवाना किया गया। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को उनके पैतृक गांव देवठी में किया जाएगा। श्रद्धांजलि देने पहुंचे नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मिलकर संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।

 

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने नंदलाल को श्रद्धांजलि दी। शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा, लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा, वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल, शिमला शहरी अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, जैनब चंदेल और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अमित नंदा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

 

तारादेवी स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सैन्य अधिकारियों ने भी राजीव भवन पहुंचकर अपने पूर्व अधिकारी नंदलाल को श्रद्धांजलि दी। नंदलाल ने सैन्य बल में भी सेवाएं दी थीं।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि नंदलाल के जाने से कांग्रेस ने अपना एक सच्चा सिपाही खो दिया है। उनके योगदान की भरपाई संभव नहीं है। पार्टी उनके कार्यों और सेवाओं को हमेशा याद रखेगी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य और प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी चेतन चौहान और विधित चौधरी ने भी नंदलाल के निधन पर शोक व्यक्त किया।

 

पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि नंदलाल ने सैन्य बल में रहते हुए देश की सेवा की और राजनीति में आने के बाद विशेष रूप से रामपुर क्षेत्र के लोगों के लिए काम किया। उनके निधन से कांग्रेस ने एक निष्ठावान नेता खो दिया है। रामपुर क्षेत्र के लोगों के लिए भी यह अपने परिवार के सदस्य को खोने जैसा है। उन्होंने कहा कि नंदलाल के स्पष्ट विचारों और उनके व्यक्तित्व को हमेशा याद किया जाएगा।

 

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि नंदलाल उनके सहयोगी थे और अपनी बात निडरता से रखते थे। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी को बड़ा आघात लगा है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में नंदलाल ने जो सेवाएं दीं, उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।

 

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने उन्हें सादगी पसंद व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि वह प्रदेश की समस्याओं को लेकर संवेदनशील रहते थे। उनके निधन से पार्टी ने एक कर्मठ नेता खो दिया है।

 

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नंदलाल के निधन से रामपुर क्षेत्र ने अपना सच्चा साथी खो दिया है। वह उनके लिए केवल विधायक साथी नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह थे। वह हमेशा रामपुर के विकास के लिए समर्पित रहे। प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने भी उनके निधन पर दुख जताया और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment