|

हिमाचल में 9 नवंबर तक नहीं गिरेगी बर्फ, दो शहरों का माइनस पारा

Himgiri Samachar:
शिमला, 03 नवंबर। हिमाचल प्रदेश में एक हफ्ते तक मौसम साफ बना रहेगा और कहीं भी 9 नवम्बर तक बर्फबारी का कोई अनुमान नहीं है। हालांकि, राज्य में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। मंगलवार को लाहौल-स्पीति जिले के कुकुमसेरी और केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 2.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, केलांग में पारा माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर प्रदेश के मैदानी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में भी सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है।


राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को मौसम साफ रहा और दिन के समय धूप खिली रही। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। मंडी जिले के सुंदरनगर में सुबह घना कोहरा छाया रहा। यहां दृश्यता घटकर 600 मीटर रह गई। कोहरे के कारण सुबह के समय आसपास के क्षेत्रों में दृश्यता प्रभावित हुई। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है।


9 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं


मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 9 नवंबर तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इस दौरान प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। ऐसे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी फिलहाल बर्फबारी की संभावना नहीं है।


बारिश और बर्फबारी नहीं होने के बावजूद प्रदेश में ठंड का असर बढ़ सकता है। खासकर जनजातीय क्षेत्रों और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में रात का तापमान लगातार कम हो रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम शुष्क रहने के बीच न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने का अनुमान है।


कुकुमसेरी सबसे ठंडा, पांवटा साहिब में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान


मौसम विभाग के मंगलवार के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद केलांग में माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में 2.6 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 5.4 डिग्री सेल्सियस, सेओबाग में 6.5 डिग्री सेल्सियस, बजौरा में 7.2 डिग्री सेल्सियस, भुंतर में 7.8 डिग्री सेल्सियस, कुफरी में 9.3 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 9.7 डिग्री सेल्सियस, पालमपुर में 10.5 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 11.1 डिग्री सेल्सियस, शिमला में 11.2 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 11.6 डिग्री सेल्सियस, मंडी में 11.7 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा में 12.4 डिग्री सेल्सियस, बरठीं में 12.8 डिग्री सेल्सियस, ऊना में 13.0 डिग्री सेल्सियस, भरमौर में 13.0 डिग्री सेल्सियस, जुब्बड़हट्टी में 13.4 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 13.5 डिग्री सेल्सियस, देहरा गोपीपुर में 15.0 डिग्री सेल्सियस, नाहन में 15.3 डिग्री सेल्सियस, नेरी में 16.4 डिग्री सेल्सियस, सराहन में 16.6 डिग्री सेल्सियस और पांवटा साहिब में 19.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पांवटा साहिब में प्रदेश का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रहा।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment