शिमला, 30 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार दूसरे दिन भी बदला हुआ है। शुक्रवार को किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा जिलों की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर बर्फबारी हो रही है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। जनजातीय क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। कुकुमसेरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला और मनाली में सुबह से बादल छाए रहे, जबकि मैदानी इलाकों में कहीं धूप तो कहीं बादल बने रहे। मौसम विभाग ने 2 नवंबर तक ऊंचे क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके बाद 3 से 5 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार दूसरे दिन हो रहे हिमपात का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा की पर्वत श्रृंखलाओं पर बर्फ गिरने से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। खासकर जनजातीय क्षेत्रों में रात और सुबह के समय तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। वहीं, राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली में बादल छाए रहने से मौसम ठंडा बना हुआ है। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में मौसम की स्थिति अलग-अलग रही। कुछ स्थानों पर धूप खिली, जबकि कई जगह बादल छाए रहे।
मौसम विभाग के अनुसार 31 अक्टूबर को लाहौल-स्पीति जिले में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। पहली नवंबर को मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। दो नवंबर को चंबा, कांगड़ा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में ही मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। तीन से पांच नवंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।
इस बीच बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। किन्नौर जिले के मोरंग में सबसे अधिक 12 मिलीमीटर बारिश हुई। धर्मपुर में 6 मिलीमीटर, सांगला में 5 मिलीमीटर, कसौली में 4 मिलीमीटर, पांवटा साहिब में 3 मिलीमीटर और कल्पा में 2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तापमान की बात करें तो जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ताबो में 2.5 डिग्री, कल्पा में 4.4 डिग्री और कुफरी में 7.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। भरमौर में 9.0 डिग्री, सेओबाग में 9.8 डिग्री और मनाली में 9.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। राजधानी शिमला में पारा 10.0 डिग्री और सोलन में 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसी तरह पालमपुर में न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री, भुंतर में 11.2 डिग्री, बजौरा में 11.3 डिग्री और ऊना में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में 12.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 12.8 डिग्री, कांगड़ा में 13.2 डिग्री और सुंदरनगर में 13.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बरठीं में 13.4 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 14.0 डिग्री, नाहन और मंडी में 14.1-14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री, नेरी में 16.2 डिग्री और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा।