|

हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय प्रवास से दिल्ली लौटीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

Himgiri Samachar:
शिमला, 01 मई। हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय प्रवास के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को दिल्ली लौट गईं। शिमला के अन्नाडेल हेलीपैड पर उन्हें गर्मजोशी के साथ विदाई दी गई। इस दौरान राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


राष्ट्रपति को विदाई देने के लिए पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी और प्रशासन, पुलिस व सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इससे पहले राष्ट्रपति ने शिमला में सेना के प्रशिक्षण कमान का दौरा भी किया, जहां राज्यपाल भी उनके साथ मौजूद थे।


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 27 अप्रैल को दिल्ली से शिमला पहुंची थीं और इस दौरान उन्होंने अपना अधिकतर समय मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में बिताया। हालांकि, उनके पूरे प्रवास के दौरान मौसम खराब बना रहा, जिसके चलते उनके कई प्रस्तावित कार्यक्रम रद्द करने पड़े।


राष्ट्रपति का कुल्लू जिले में अटल टनल और लाहौल-स्पीति के सिस्सू जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन खराब मौसम के कारण यह दौरा नहीं हो सका। इसके अलावा कांगड़ा जिले के पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम भी मौसम की वजह से रद्द कर दिया गया।


शिमला प्रवास के दौरान राष्ट्रपति उनके सम्मान में लोकभवन में आयोजित राज्य भोज में भी शामिल हुईं। वहीं, मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में ‘एट होम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कई गणमान्य लोग शामिल हुए। पांच दिन के इस दौरे के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment