|

500 फॉरेस्ट गार्ड पद खत्म कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही सुक्खू सरकार : सन्नी शुक्ला

Himgiri Samachar:
शिमला, 30 अप्रैल। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी शुक्ला ने राज्य में कांग्रेस की सुक्खू सरकार पर युवाओं के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बुधवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार ने वन विभाग में नियमित नौकरियों को खत्म कर युवाओं को कम मानदेय वाले अस्थायी पदों में धकेलने का फैसला लिया है, जो लाखों बेरोजगार युवाओं के साथ अन्याय है।


सन्नी शुक्ला ने सरकारी अधिसूचना का हवाला देते हुए कहा कि सरकार ने 500 नियमित फॉरेस्ट गार्ड के पदों को समाप्त कर दिया है। इनकी जगह अब ‘असिस्टेंट फॉरेस्ट गार्ड’ के अस्थायी पद बनाए गए हैं, जिनमें केवल 16 हजार रुपये प्रति माह का फिक्स्ड मानदेय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले जिन युवाओं को 58 साल की स्थायी सरकारी नौकरी की उम्मीद थी, अब उन्हें अस्थायी और कम वेतन वाली व्यवस्था में धकेला जा रहा है।


उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नई भर्ती प्रक्रिया में कई विसंगतियां हैं। उनके अनुसार, इन पदों में 50 प्रतिशत कोटा ‘वन मित्रों’ के लिए तय किया गया है, जिससे अन्य योग्य युवाओं के साथ भेदभाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि अधिसूचना में सेवा की अवधि और भविष्य में नियमितीकरण को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है, जिससे युवाओं में असमंजस की स्थिति है।


भाजयुमो अध्यक्ष ने कांग्रेस पर चुनाव से पहले रोजगार देने के वादे पूरे न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार नई नौकरियां देने के बजाय पहले से स्वीकृत पदों को ही खत्म कर रही है, जिससे युवाओं का भरोसा टूट रहा है।


सन्नी शुक्ला ने मांग की कि सरकार इस अधिसूचना को तुरंत वापस ले और फॉरेस्ट गार्ड के 500 पदों पर नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह फैसला वापस नहीं लिया तो भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करेगा और सचिवालय का घेराव भी किया जाएगा। इस दौरान भाजयुमो के मीडिया सह-प्रभारी निशांत ठाकुर भी मौजूद रहे।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment