|

22 दिन बाद पुलिस के हाथ लगा संकटमोचन मंदिर में चोरी का आरोपी, सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला

Himgiri Samachar:

शिमला, 23 नवंबर। शिमला के प्रसिद्ध संकटमोचन मंदिर में रात के अंधेरे में सेंध लगाकर तीन चांदी के मुकुट और अन्य आभूषण चुराने वाले आरोपी तक आखिरकार पुलिस पहुंच गई है। मंदिर के गर्भगृह का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी वारदात के बाद पुलिस की पकड़ से बाहर था। करीब 22 दिन तक चली जांच में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में मदद की। पुलिस ने सोमवार को इस मामले में 31 वर्षीय हितेन्द्र कंवर को गिरफ्तार किया है। वह शिमला जिले की सुन्नी तहसील के बसंतपुर का निवासी है।


चोरी की यह वारदात एक नवंबर की रात को हुई थी। चोर ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और गर्भगृह तक पहुंच गया। वहां से तीन चांदी के मुकुट, सोने और चांदी के अन्य आभूषण चोरी किए गए। इसके बाद आरोपी ने मंदिर के दानपात्रों में रखी नकदी भी निकाल ली। शुरुआती जानकारी के अनुसार चोरी किए गए चांदी के तीन मुकुटों का वजन करीब 13 किलोग्राम बताया गया था। दानपात्र से करीब 10 से 12 हजार रुपये चोरी होने का अनुमान लगाया गया था। वारदात का पता चलने पर मंदिर प्रबंधन ने बालूगंज पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी।


पुलिस थाना बालूगंज में इस मामले को लेकर अभियोग दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(D) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शुरुआती जांच में मंदिर परिसर के सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया था। पुलिस ने उसकी तस्वीर भी सार्वजनिक कर लोगों से पहचान में मदद मांगी थी। इसके बाद जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। इसी जांच के आधार पर हितेन्द्र कंवर की पहचान हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे चोरी किए गए सामान के संबंध में पूछताछ कर रही है। तीनों चांदी के मुकुट, सोने की नथ और अन्य आभूषणों की बरामदगी को लेकर भी जांच जारी है।


शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के अनुसार मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का अहम योगदान रहा। पुलिस ने इन साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी से चोरी की वारदात के संबंध में पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


नीम करौरी बाबा की साधना से जुड़ा है मंदिर का इतिहास


संकटमोचन मंदिर केवल शिमला का एक प्रमुख धार्मिक स्थल नहीं है, इसका इतिहास प्रसिद्ध संत नीम करौरी बाबा से भी जुड़ा हुआ है। मंदिर की स्थापना वर्ष 1950 में हुई थी। मान्यता है कि नीम करौरी बाबा ने इस क्षेत्र के जंगल में करीब 10 से 12 दिन साधना की थी। इसी दौरान उन्होंने यहां हनुमान मंदिर स्थापित करने की इच्छा जताई थी। उनकी इच्छा के बाद वर्ष 1962 में मंदिर का निर्माण शुरू हुआ। तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर बजरंग बहादुर सिंह और उनके अनुयायियों ने इसके निर्माण में योगदान दिया। मंदिर का उद्घाटन 21 जून, 1966 को हुआ था।


समय के साथ यह मंदिर शिमला के प्रमुख धार्मिक केंद्रों में शामिल हो गया। यहां भगवान हनुमान के साथ भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, भगवान शिव और गणेश की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। मंदिर परिसर में नीम करौरी बाबा का अलग मंदिर भी है, जहां उनकी प्रतिमा स्थापित है। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ शिमला घूमने आने वाले पर्यटक भी बड़ी संख्या में यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर सरकार के नियंत्रण में है। ऐसे प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल में तीन चांदी के मुकुट और अन्य आभूषणों की चोरी ने श्रद्धालुओं को भी हैरान कर दिया था। 


RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment