|

समाजसेवी सर्वजीत बॉबी को लंगर के लिए जगह का दिया था प्रस्ताव : चमियाना अस्पताल प्रशासन

Himgiri Samachar:

शिमला, 13 नवंबर। अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज (AIMSS) चमियाना प्रशासन ने समाजसेवी सर्वजीत सिंह बॉबी की ओर से अस्पताल में लंगर के लिए जगह उपलब्ध नहीं करवाने सहित स्वास्थ्य विभाग पर लगाए गए आरोपों पर सफाई दी है। संस्थान प्रशासन का कहना है कि बॉबी को अस्पताल के भीतर मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए मुफ्त भोजन उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव दिया गया था। इसके लिए अस्पताल की रसोई का परिसर देने की पेशकश हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में 23 मई 2026 को दायर हलफनामे के माध्यम से की गई थी। हालांकि, बॉबी ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।


सुपरस्पेशलिटी संस्थान के प्रधानाचार्य की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में कहा गया है कि अस्पताल में मरीजों को परिवहन सुविधा देने के लिए दो पूरी तरह सुसज्जित एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस हमेशा उपलब्ध रहती हैं। इसके अतिरिक्त निजी एंबुलेंस सेवाएं भी फोन पर उपलब्ध हैं और उनके संपर्क नंबर अस्पताल परिसर में प्रदर्शित किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मरीजों को अस्पताल से लाने और ले जाने के लिए परिवहन की व्यवस्था मौजूद है।


प्रधानाचार्य और चिकित्सा अधीक्षक की जिम्मेदारी डॉक्टरों को देने के नियम


अस्पताल में प्रधानाचार्य और चिकित्सा अधीक्षक के पदों पर तैनात डॉक्टरों की अतिरिक्त प्रशासनिक जिम्मेदारियों को लेकर उठाए गए सवालों पर भी संस्थान ने जवाब दिया है। प्रशासन के अनुसार राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के दिशा-निर्देशों के तहत इन पदों पर डॉक्टरों की नियुक्ति की जाती है। इन जिम्मेदारियों के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था का गहरा अनुभव जरूरी है। संबंधित डॉक्टर प्रशासनिक कामकाज के साथ मरीजों का इलाज भी कर रहे हैं। संस्थान का कहना है कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन मरीजों की चिकित्सा सेवाओं की कीमत पर नहीं किया जा रहा है।


हिमकेयर और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) को लेकर प्रशासन ने कहा है कि दोनों स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के तहत पात्र मरीजों को अस्पताल में कैशलेस उपचार की सुविधा दी जा रही है। हालांकि, इम्प्लांट के खर्च को इस सुविधा से अलग रखा गया है। अस्पताल तक पहुंचने वाली सड़क को चौड़ा करने का काम भी जारी है और इसे जल्द पूरा किए जाने की संभावना है।


कर्मचारियों के लिए दो और बसें मंजूर, आम लोगों के लिए टेंपो ट्रैवलर सेवा


चमियाना अस्पताल तक कर्मचारियों और आम लोगों की आवाजाही को लेकर भी प्रशासन ने जानकारी दी है। चमियाना प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अस्पताल के कर्मचारियों की सुविधा के लिए पहले मंजूर दो बसों के अतिरिक्त दो और बसें स्वीकृत की हैं। आम लोगों के लिए एचआरटीसी की ओर से आईजीएमसी शिमला, आईएसबीटी शिमला और संजौली सुरंग से चमियाना अस्पताल तक नियमित टेंपो ट्रैवलर सेवा चलाई जा रही है। सड़क चौड़ी होने के बाद यहां इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शुरू की जाएगी।


प्रशासन ने कहा है कि चमियाना सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जैसे बड़े संस्थान के लिए जरूरी आधारभूत ढांचा तैयार करने में समय और प्रयास लगते हैं। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह अस्पताल कम समय में काम करने लगा है। संस्थान ने कहा कि यहां के कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर सेवाएं दे रहे हैं। तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने और संस्थान के प्रयासों को कमतर दिखाने से कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है। प्रशासन ने अपील की है कि संस्थान के काम की सराहना नहीं की जाती है तो कम से कम तथ्यों को गलत तरीके से पेश कर इसकी छवि खराब नहीं की जानी चाहिए।


केबीसी में सम्मान मिलने के बाद बॉबी ने उठाए थे अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल


गौरतलब है कि शिमला के समाजसेवी सर्वजीत सिंह बॉबी को 10 नवंबर को प्रसारित हुए कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) कार्यक्रम में 'फोर्स ऑफ गुड अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया था। कार्यक्रम में अमिताभ बच्चन ने उन्हें यह सम्मान दिया। KBC की टीम ने उनके सेवा कार्यों पर आधारित विशेष रील भी प्रसारित की थी। बॉबी के अनुसार, पिछले महीने कार्यक्रम की टीम शिमला आकर उनके काम को रिकॉर्ड करके गई थी। वह पिछले 12 वर्षों से रोजाना करीब चार हजार जरूरतमंद लोगों तक भोजन और अन्य मदद पहुंचा रहे हैं। इसके अतिरिक्त पिछले 28 वर्षों से डेड बॉडी वैन के माध्यम से गरीब परिवारों की सहायता कर रहे हैं।


बॉबी ने इस सम्मान को हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव की बात बताते हुए इसका श्रेय अपने साथियों और सहयोगियों को दिया था। उन्होंने अमिताभ बच्चन से मुलाकात को अपने जीवन का यादगार पल बताया था।


हालांकि, सम्मान मिलने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने चमियाना अस्पताल में लंगर के लिए जगह उपलब्ध नहीं करवाने पर सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को भोजन उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा था कि अब वह इस मामले में धरना या भूख हड़ताल नहीं करेंगे और जरूरतमंदों तक वैन या अन्य माध्यमों से भोजन पहुंचाते रहेंगे।


बॉबी ने शिमला स्थित मानसिक स्वास्थ्य अस्पताल में भी मुफ्त लंगर शुरू करने की घोषणा की थी। उनका कहना था कि वहां मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों के लिए खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और उन्हें परेशानी होती है। उन्होंने हिमकेयर योजना को बंद करने के मुद्दे पर भी सवाल उठाते हुए कहा था कि किसी कल्याणकारी योजना को बंद करने के बजाय उसकी कमियों को दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन किए जाने के आरोपों का जिक्र करते हुए संबंधित मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की थी।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment