|

चार साल में कांग्रेस की गारंटियां अधूरी, अब घोषणाओं से जनता को लुभाने की कोशिश : जयराम ठाकुर

Himgiri Samachar:

शिमला, 14 नवंबर। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटियों को लेकर विपक्षी दल भाजपा ने एक बार फिर सरकार को घेरा है। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में सभी महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक देने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और पांच लाख रोजगार सहित कई वादे किए थे, लेकिन सरकार के चार वर्ष पूरे होने के करीब पहुंचने के बाद भी अधिकांश गारंटियां पूरी नहीं हुई हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि महिलाओं और परिवारों के लिए घोषित योजनाओं का लाभ सीमित लोगों तक ही क्यों रखा जा रहा है।


24.50 लाख महिलाओं को लेकर सरकार से जवाब मांगा


जयराम ठाकुर ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस ने 18 से 59 वर्ष की सभी महिलाओं को पहली कैबिनेट में 1,500 रुपये मासिक देने की गारंटी दी थी। उस समय आय या अन्य पात्रता शर्तों का उल्लेख नहीं किया गया था। उनके अनुसार प्रदेश में इस आयु वर्ग की करीब 28 लाख महिलाएं हैं। 48 महीने के हिसाब से प्रत्येक महिला के 72 हजार रुपये बनते हैं और कुल राशि करीब 20 हजार करोड़ रुपये होती है। अब सरकार ने केवल 3.50 लाख महिलाओं को इस योजना के दायरे में रखने की घोषणा की है। उन्होंने पूछा कि बाकी 24.50 लाख महिलाओं को इस लाभ से बाहर रखने का क्या आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार को या तो सभी महिलाओं से किया वादा पूरा करना चाहिए या उनसे माफी मांगनी चाहिए।


630 करोड़ रुपये के भुगतान का प्रावधान बताने की मांग


जयराम ठाकुर ने कहा कि 3.50 लाख महिलाओं को भी 1,500 रुपये मासिक देने के लिए सालाना करीब 630 करोड़ रुपये की जरूरत होगी। उनके आरोप के मुताबिक मौजूदा बजट में इसके लिए स्पष्ट प्रावधान नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सामाजिक सुरक्षा और एससी, एसटी, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक कल्याण का कुल बजट 604 करोड़ रुपये है। जयराम ने सामाजिक कल्याण के बजट में पिछले वर्ष के मुकाबले 62 प्रतिशत कटौती होने का आरोप लगाते हुए पूछा कि सरकार इस योजना का भुगतान किस मद से करेगी।


बिजली और रोजगार की गारंटियों पर भी उठाए सवाल


जयराम ठाकुर ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी को लेकर कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान सभी परिवारों को यह सुविधा देने का वादा किया था, लेकिन चार साल में इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से मिल रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा में भी पात्रता संबंधी बदलाव किए गए हैं। प्रदेश में 18 लाख से अधिक परिवार होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने पूछा कि बिजली की गारंटी का लाभ सभी परिवारों को क्यों नहीं मिल रहा है।


उन्होंने पांच लाख रोजगार और पहले वर्ष में एक लाख नौकरियां देने के वादे पर भी सरकार से जवाब मांगा। दूध और गोबर खरीद की गारंटियों पर उन्होंने आरोप लगाया कि दूध उत्पादकों को चार से छह महीने तक भुगतान नहीं मिल रहा है। सप्ताह में पांच दिन ही दूध खरीदने के निर्देशों से पशुपालक परेशान हैं और अधिकतर किसानों को 49 रुपये से अधिक प्रति लीटर दूध का दाम नहीं मिल रहा है।


शीतकालीन सत्र में कई मुद्दे उठाएगी भाजपा


जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार के भीतर असंतोष का उल्लेख करते हुए एक विधायक की ओर से मंत्री पद को लेकर 11 दिसंबर की समयसीमा दिए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र में भाजपा भ्रष्टाचार के आरोपों, सरकारी संपत्तियों के निजी संचालन, नशे, कानून व्यवस्था और खराब सड़कों के मुद्दे उठाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पर हेलीकॉप्टर से दौरे करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की कई सड़कों की हालत खराब है और लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। जयराम ने कहा कि सरकार अंतिम वर्ष में नई घोषणाओं के सहारे जनता का विश्वास हासिल करना चाहती है, लेकिन जनता चुनावी वादों और उनके क्रियान्वयन के बीच का अंतर समझ चुकी है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment