|

अप्पर शिमला में चिट्टे की सप्लाई करने वाला मुख्य सप्लायर हरियाणा से गिरफ्तार

Himgiri Samachar:
शिमला, 16 नवम्बर। शिमला जिला के ऊपरी क्षेत्रों ठियोग और कोटखाई में चिट्टे की सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर को शिमला पुलिस ने हरियाणा के पिंजौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ओमकार उर्फ ओमी वहां रहकर हिमाचल के युवाओं तक नशे की खेप पहुंचा रहा था। पुलिस ने उसके ठिकाने से 49 ग्राम चिट्टा, 1 लाख 2 हजार 500 रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक वजन करने वाली मशीन बरामद की है। इस मामले में पुलिस अब तक कुल करीब 72 ग्राम चिट्टा बरामद कर चुकी है।


पुलिस के अनुसार ठियोग थाने में 13 नवंबर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में 12 नवंबर को पुलिस ने पपिल भूषण (37) और सुरेश (39), निवासी तहसील कोटखाई, जिला शिमला को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। दोनों से पूछताछ और मामले की जांच में सामने आया कि वे ठियोग निवासी ओमकार उर्फ ओमी से फोन के माध्यम से चिट्टा खरीदते थे। ओमकार वर्तमान में हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर में रह रहा था। नशे की खरीद का भुगतान नकद में किया जाता था।


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के बयानों और कॉल डिटेल का विश्लेषण कर सप्लाई के स्रोत का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने पिंजौर में दबिश देकर 15 नवंबर को ओमकार को गिरफ्तार कर लिया। उसके ठिकाने की तलाशी के दौरान 49 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार इस तरह मामले में कुल बरामदगी करीब 72 ग्राम चिट्टे की हुई है।


जांच में यह भी सामने आया है कि ओमकार के खिलाफ ठियोग थाने में वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, वह पिंजौर में रहकर ठियोग और कोटखाई क्षेत्र में बड़े स्तर पर चिट्टे की सप्लाई कर रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशे की खरीद-बिक्री के संपर्कों की जांच कर रही है।


बाहरी राज्यों से 94 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार


शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक विशेष अभियानों के तहत बाहरी राज्यों से 94 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए गए हैं। वर्ष 2025 में ऐसे आठ और 2024 में 15 सप्लायर गिरफ्तार हुए थे। इसी तरह बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर वर्ष 2026 में नशा तस्करी के 70 अंतरराज्यीय नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें ध्वस्त किया गया है। वर्ष 2025 और 2024 में ऐसे चार-चार नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।


एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि नशा तस्करी के मामलों में अब स्थानीय स्तर पर गिरफ्तारी और नशे की खेप बरामद करने के साथ उसके स्रोत तक पहुंचने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सप्लाई की कड़ियों की जांच की जा रही है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment