|

महिलाओं को खेलों में आगे बढ़ने के अवसर दे रही सरकार : विक्रमादित्य सिंह

Himgiri Samachar:
शिमला, 15 नवंबर। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आयोजित खेल महाकुंभ में इस बार महिलाओं को भी अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। पहले क्रिकेट तक सीमित रहे इस आयोजन में पहली बार कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन को शामिल किया गया। करीब एक महीने तक चली प्रतियोगिताओं में लगभग 10 हजार युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने हिस्सा लिया। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को सुन्नी में आयोजित शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ-2026 के समापन समारोह में यह जानकारी दी।


उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है। इनके माध्यम से क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलता है। महिलाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए इस बार क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया। प्रतियोगिता से चुनी गईं शीर्ष चार टीमों को प्रदेश स्तर पर खेलने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के लिए प्रयास कर रही है। भविष्य में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।


10.37 करोड़ की परियोजनाएं जनता को समर्पित


समापन समारोह से पहले विक्रमादित्य सिंह ने सुन्नी तहसील में 10.37 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें सतलुज नदी पर थली में 9.53 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 145 मीटर लंबा स्पैन स्टील सस्पेंशन पुल शामिल है। इसके अलावा 84 लाख रुपये की लागत से बने लोक निर्माण विभाग के सरकारी आवासों का भी उद्घाटन किया।


उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुए नदी पर बने पुल की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाया गया था। इसका काम पूरा होने के बाद इसे जनता को समर्पित किया गया है।


तपड़ी के पास बड़े पुल की योजना बनेगी


लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। तपड़ी पुल के समीप नदी में जलस्तर बढ़ने की समस्या को देखते हुए भविष्य में बड़े पुल के निर्माण की योजना तैयार की जाएगी। इससे मंडी सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। इसके अलावा क्षेत्र में सड़क निर्माण से जुड़े कई कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment