|

हिमाचल में 131 ग्राम पंचायतें निर्विरोध चुनी गईं, 10,854 प्रतिनिधि बिना मुकाबले बने विजेता

Himgiri Samachar:

शिमला, 19 मई। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के बीच बड़ी संख्या में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग हिमाचल प्रदेश की ओर से जारी जानकारी के अनुसार नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य में कुल 10,854 प्रतिनिधि बिना मुकाबले निर्वाचित हो चुके हैं। इनमें 131 ग्राम पंचायतें भी शामिल हैं, जहां प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। प्रदेश में कुल 3754 पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं। प्रदेश सरकार चुनाव से पहले निर्विरोध निर्वाचित पंचायतों को 25-25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा कर चुकी है।

 

राज्य निर्वाचन आयोग के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि राज्यभर में 85 पंचायत समिति सदस्य, 176 प्रधान, 286 उपप्रधान और 10,307 वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। इसके अलावा 131 ग्राम पंचायतें पूरी तरह निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं।

 

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो बिलासपुर में 3 प्रधान, 2 उपप्रधान और 415 वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं, जबकि एक ग्राम पंचायत भी निर्विरोध रही है। चंबा में 4 पंचायत समिति सदस्य, 7 प्रधान, 7 उपप्रधान और 400 वार्ड सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं तथा एक पंचायत निर्विरोध चुनी गई है। हमीरपुर में 3 पंचायत समिति सदस्य, 2 उपप्रधान और 582 वार्ड सदस्य बिना मुकाबले चुने गए हैं।

 

आयोग के अनुसार कांगड़ा में 5 पंचायत समिति सदस्य, 10 प्रधान, 8 उपप्रधान और 1657 वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं, जबकि दो ग्राम पंचायतें निर्विरोध रहीं। किन्नौर में 7 पंचायत समिति सदस्य, 22 प्रधान, 23 उपप्रधान और 262 वार्ड सदस्य बिना मुकाबले निर्वाचित हुए हैं तथा यहां 18 ग्राम पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं।

 

लाहौल-स्पीति में 3 पंचायत समिति सदस्य, 6 प्रधान, 18 उपप्रधान और 809 वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं तथा 5 पंचायतें निर्विरोध रहीं। कुल्लू में 5 पंचायत समिति सदस्य, 9 प्रधान, 14 उपप्रधान और 1296 वार्ड सदस्य बिना मुकाबले चुने गए हैं, जबकि 5 ग्राम पंचायतें निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं।

 

मंडी में 12 पंचायत समिति सदस्य, 17 प्रधान, 20 उपप्रधान और 206 वार्ड सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं तथा 17 पंचायतें निर्विरोध रही हैं। शिमला में सबसे अधिक 21 पंचायत समिति सदस्य, 51 प्रधान, 87 उपप्रधान और 1687 वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। यहां 42 ग्राम पंचायतें बिना मुकाबले निर्वाचित हुई हैं।

 

सिरमौर में 18 पंचायत समिति सदस्य, 32 प्रधान, 71 उपप्रधान और 1166 वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं तथा 22 ग्राम पंचायतें निर्विरोध रहीं। सोलन में 9 पंचायत समिति सदस्य, 14 प्रधान, 27 उपप्रधान और 1121 वार्ड सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं तथा 13 पंचायतें बिना मुकाबले चुनी गई हैं। ऊना में 2 पंचायत समिति सदस्य, 8 प्रधान, 7 उपप्रधान और 706 वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं, जबकि 5 ग्राम पंचायतें निर्विरोध रही हैं।

 

पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव के लिए 29 अप्रैल 2026 को अधिसूचना जारी की गई थी। नामांकन पत्र 7, 8 और 11 मई को भरे गए थे। इसके बाद 12 और 13 मई को नामांकन पत्रों की जांच की गई। 15 मई को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। इसी प्रक्रिया के बाद बड़ी संख्या में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

 

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को कराए जाएंगे। प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतों की गिनती मतदान वाले दिन ही मतदान समाप्त होने के बाद की जाएगी, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 31 मई को होगी।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment