|

हिमाचल में प्रचंड गर्मी, पारा 43 डिग्री के पार, शिमला-मनाली में भी बढ़ी तपिश, लू और अंधड़ का अलर्ट

Himgiri Samachar:
शिमला, 19 मई। हिमाचल प्रदेश में मई की गर्मी के तेवर बेहद तीखे हो गए हैं और मैदानी इलाकों के साथ-साथ शिमला, मनाली और कल्पा जैसे ठंडे शहरों में भी लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। राज्य के कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर यह 5 से 6 डिग्री तक ऊपर पहुंच गया। राजधानी शिमला में दिनभर धूप के साथ बादलों की आवाजाही भी बनी रही, लेकिन इससे गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिली।


सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान ऊना में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद सैंज में 41.2 डिग्री, सुंदरनगर में 38.6 डिग्री, कांगड़ा में 38.4 डिग्री, चोपाल में 38 डिग्री, मंडी में 37.2 डिग्री, नाहन में 36.7 डिग्री, भुंतर में 35.5 डिग्री, सोलन में 35.2 डिग्री, कल्पा में 35.1 डिग्री, चंबा में 34.4 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 32.8 डिग्री, शिमला में 29.4 डिग्री, मनाली में 28.5 डिग्री, धर्मशाला में 26 डिग्री, कुफरी-फागू में 24 डिग्री, मशोबरा में 24.6 डिग्री और केलांग में 21.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।


रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म हो गई हैं। शिमला का न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.9 डिग्री ज्यादा है। मनाली में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री और कल्पा में 11.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री से अधिक ऊपर है। इसके अलावा सुंदरनगर में 20.5 डिग्री, भुंतर में 17 डिग्री, धर्मशाला में 18.2 डिग्री, ऊना में 21.4 डिग्री, नाहन में 20.1 डिग्री, पालमपुर में 22.5 डिग्री, सोलन में 17.4 डिग्री, कांगड़ा में 21.4 डिग्री, मंडी में 21.1 डिग्री, बिलासपुर में 22.5 डिग्री, चंबा में 18.7 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 23.4 डिग्री, कुकुमसेरी में 6.1 डिग्री, सेओबाग में 15 डिग्री, बरठीं में 18.9 डिग्री, पांवटा साहिब में 25 डिग्री, सराहन में 12.2 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 23 डिग्री, तबो में 10.2 डिग्री और नेरी में 25.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।


मौसम विभाग ने समर सीजन में पहली बार प्रदेश में लू का येलो अलर्ट जारी किया है। 20 और 21 मई को कांगड़ा और सोलन जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा 21 मई को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में आंधी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।


22 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में अंधड़, बारिश और बिजली चमकने का येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 22 मई को पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। 23 और 24 मई को मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने के आसार हैं, जबकि मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। 25 मई को एक बार फिर पूरे प्रदेश में मौसम बदलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment