|

हिमाचल पड़ोसी राज्यों को बेचेगा अतिरिक्त पानी, 1,000 घन फुट की शुरुआती दर 100 रुपये तय

Himgiri Samachar:

शिमला, 26 नवम्बर। हिमाचल प्रदेश सरकार अब अपने जल संसाधनों से उपलब्ध होने वाले अतिरिक्त पानी का आर्थिक मूल्य तय कर पड़ोसी राज्यों और सरकारी एजेंसियों से इसका प्रतिफल प्राप्त करेगी। प्रदेश सरकार ने राज्य के मौजूदा और भविष्य के जल संसाधनों तथा अंतरराज्यीय जल परियोजनाओं से मिलने वाले अतिरिक्त पानी की कीमत निर्धारित करने के लिए एक समान नीति को मंजूरी दी है। इसके तहत शुरुआती दर 1,000 घन फुट पानी के लिए 100 रुपये तय की गई है। इन दरों में थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) के आधार पर समय-समय पर संशोधन किया जाएगा। एक सरकारी प्रवक्ता ने वीरवार को यह जानकारी दी। 


उन्होंने कहा कि इस नीति का मुख्य उद्देश्य प्रदेश केजल संसाधनों का आर्थिक मूल्य निर्धारित करना और दूसरे राज्यों को अतिरिक्त पानी उपलब्ध करवाने से हिमाचल के वित्तीय हितों की रक्षा करना है। इसके तहत प्रदेश अपनी मौजूदा और भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने के बाद बचने वाले पानी की आपूर्ति पड़ोसी राज्यों, सरकारी एजेंसियों और उद्योगों को कर सकेगा। इसके लिए दरों के निर्धारण और उनमें संशोधन की एक समान व्यवस्था लागू होगी। हालांकि, यह नीति प्रदेश के भीतर घरेलू उपयोग के लिए इस्तेमाल होने वाले पानी पर लागू नहीं होगी।


किशाऊ बांध परियोजना से जुड़े जल आवंटन का भी होगा आर्थिक मूल्यांकन


प्रवक्ता के मुताबिक नई नीति किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस परियोजना के तहत हिमाचल प्रदेश को बांध के कुल लाइव स्टोरेज का 3.154 प्रतिशत हिस्सा आवंटित किया गया है। यह मात्रा लगभग 42 मिलियन घन मीटर है। इसके अतिरिक्त ऊपरी यमुना बेसिन के राज्यों के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के तहत भी हिमाचल को यमुना नदी के पानी में हिस्सा आवंटित है।


इस समझौते में यमुना बेसिन के जल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने के लिए लखवाड़, किशाऊ और रेणुका जी बांध परियोजनाओं के विकास की परिकल्पना की गई है। सरकार की नई नीति इन परियोजनाओं से उपलब्ध होने वाले अतिरिक्त पानी के मूल्य निर्धारण के लिए भी आधार तैयार करेगी। इससे अंतरराज्यीय बहुउद्देशीय और जल भंडारण परियोजनाओं में पानी की कीमत तय करने के लिए एक मानकीकृत व्यवस्था उपलब्ध होगी।


थोक मूल्य सूचकांक के आधार पर बदलेंगी दरें


सरकार ने अतिरिक्त पानी की आपूर्ति के लिए शुरुआती आधार दर 1,000 घन फुट के 100 रुपये निर्धारित की है। इस दर में थोक मूल्य सूचकांक के आधार पर समय-समय पर बदलाव किया जाएगा। इसका उद्देश्य बाजार में वस्तुओं और सेवाओं के थोक मूल्यों में होने वाले बदलाव के अनुरूप पानी का आर्थिक मूल्य बनाए रखना है। यह व्यवस्था उन सभी मौजूदा और भविष्य की परियोजनाओं पर लागू होगी, जिनसे दूसरे राज्यों या पात्र एजेंसियों को अतिरिक्त पानी उपलब्ध करवाया जाएगा।


मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उनसे उचित आर्थिक प्रतिफल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। जल प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपत्तियों में से एक है। ऐसे में दूसरे राज्यों और एजेंसियों को अधिशेष जल उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करते समय उसके वास्तविक आर्थिक मूल्य को महत्व देना जरूरी है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि नई नीति से पानी की दरें निर्धारित करने और उनमें समय-समय पर संशोधन के लिए पारदर्शी एवं एक समान व्यवस्था बनेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दूसरे राज्यों को अतिरिक्त पानी देने से पहले प्रदेश की पेयजल, सिंचाई, कृषि, पर्यावरणीय और विकास संबंधी आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इन सभी जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग हिमाचल की आर्थिक समृद्धि और समग्र विकास में योगदान देने के लिए किया जाए।


RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment